रायपुर
पीएम के जन्मदिन पर पूरे देश में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 सितंबर। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 तारीख को शाम 7 बजे पूरे देश में घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। सीएम विष्णुदेव साय ने शनिवार को यहां कहा कि कोई भी परिवार ऐसा नहीं है, जिसे पीएम की किसी न किसी योजना का फायदा न हो रहा हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एक करोड़ से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। सीएम ने आह्वान किया कि 17 तारीख को अपने घर में जरूर जलाएं।
सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पीएम के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 साल पूरे हुए हैं। इन वर्षों को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि राजधानी रायपुर में 25 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस अभियान में स्व-सहायता समूह और अन्य लोग जुड़ेंगे। यह अभियान सेवा, सुशासन और जनभागीदारी पर केंद्रित होगा। साय ने कहा कि अभियान के दौरान सेवा कार्य, रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, आंगनबाड़ी गतिविधियां, युवाओं के लिए नवाचार कार्यक्रम और लाभार्थियों से संवाद सहित विभिन्न आयोजन होंगे। ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ से होगा।
प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मौजूद रहे।