रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 सितंबर। अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने कल सोमवार को हरतालिका तीज का व्रत की तैयारी पूरी कर ली है। छत्तीसगढ़ की परंपरा अनुसार यह व्रत मायके में रखा जाता है।और महिलाएं अपने अपने मायके पहुंच गई हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। महिलाएं इस दिन निर्जला व्रत रखकर शिव-पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती है। वहीं विवाह योग्य युवतियां शिव स्वरूप में पति की कामना कर व्रत रखती है। वैसे इस बार दो दिन मुहूर्त होने के कारण इसे ज्योतिषविद के अनुसार सूर्योदय के साथ देखा जा रहा है।
पंडित कमल प्रसाद दुबे के अनुसार हरतालिका तीज पर प्रात:काल पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6.05 बजे से 7.01 बजे तक रहेगा। वहीं शाम को प्रदोष काल में मुख्य पूजन का मुहूर्त शाम 6.27 बजे से शुरू होगा। पंचांग के अनुसार तृतीया तिथि 14 सितंबर की सुबह 7.06 बजे तक रहेगी।
बाजार में करेले की मांग बढ़ी दाम दोगुने
तीज में कड़ूभात की परंपरा की वजह से मांग बढऩे से बाजारों में करेले के दाम आज दोगुने हो गए हैं। सप्ताह भर पहले बाजार में करेला 30 से 40 किलो तक बिक रहे थे जो आज 80 से 100 तक पहुंच गए हैं। इसकी डिमांड चार गुनी अधिक है किसके सेवन के बगैर व्रत पूरा नहीं माना जाता इस कारण से महिलाएं आज अन्य सब्जियों की अपेक्षा करेले की मांग कर रहे हैं।
तीज व्रत से पहले करु भात खाने की परंपरा
तीज व्रत से एक दिन पहले करू भारत खाने की परंपरा है। उनका मानना है कि व्रत से पहले करू (कड़वा)भात खाने से शरीर के सारे विकार दूर हो जाते हैं और व्रत के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होती है। वहीं वैज्ञानिक तर्क के अनुसार करेले का सेवन करने से प्यास कम लगती है। इस कारण से निर्जला व्रत से पहले करेले का सेवन किया जाता है।
निर्जला व्रत रखकर करती हैं शिव-पार्वती की पूजा
इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। पूजा में शिव-पार्वती की प्रतिमा या रेत से बनाए गए शिवलिंग की स्थापना कर पूजन किया जाता है। सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
हरतालिका व्रत सोमवार को ही होगा -पं झा
पं विजय कुमार झा ने बताया कि तीजा हस्त नक्षत्र युक्त तीज को की जाती है, किंतु इस बार हस्त नक्षत्र एक दिन पहले रविवार को द्वितीया उपरांत तृतीय में है। इसलिए नक्षत्र को न देखकर तृतीय युक्त चतुर्थी को देखा जाता है। हरतालिका व्रत तृतीय युक्त चतुर्थी में ही मनाया जाता है, द्वितीय युक्त तृतीय में नहीं मनाया जाता। सोमवार को प्रात: 7 बजकर 6 मिनट तक तृतीया हैं। इसलिए तीजा का त्यौहार सोमवार को ही मनाया जाएगा। इसलिए प्रात: काल में 7:06 बजे तक अपने घर में दीप प्रज्वलित कर शिव पार्वती की स्थापना कर लें, आरती कर ले, उसके बाद दिन भर हरतालिका का निर्जला उपवास रहकर रात्रि में हरतालिका व्रत कथा पूजन आदि करें। यह शास्त्र सम्मत है।