रायपुर
सुरक्षित डिजिटल भविष्य की ओर एक कदम - ‘साइबर संकल्प’
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 सितंबर। कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘‘साइबर संकल्प’’ - डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता वीडियो कोर्स तैयार किया है। इस वीडियो कोर्स का शुभारंभ शनिवार को डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा ने किया।
‘साइबर संकल्प’ एक सरल, उपयोगी एवं व्यवहारिक वीडियो कोर्स है, विशेष रूप से मोबाइल, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के नए उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है। इस कोर्स के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां आसान भाषा में उपलब्ध कराई गई हैं।
कोर्स में कुल 09 छोटे एवं उपयोगी मॉड्यूल शामिल किए गए हैं, जिनमें -पासवर्ड की सुरक्षा, मोबाइल सुरक्षा, ऑनलाइन भुगतान में सावधानी, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, मोबाइल एवं सिस्टम को अपडेट रखना, सुरक्षित एप का उपयोग, गोपनीयता (प्राइवेसी) की सुरक्षा, सोशल मीडिया की समझ, सुरक्षित ब्राउजिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं सहज तरीके से समझाया गया है।
प्रत्येक वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने के बाद अंत में दिए गए छोटे-छोटे सवालों के माध्यम से अपनी समझ को परखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे उपयोगकर्ता साइबर सुरक्षा से संबंधित अपनी जानकारी को बेहतर ढंग से समझ और मजबूत कर सके।
लिंक एवं क्यूआर कोड के माध्यम से आसानी से करें एक्सेस
‘साइबर संकल्प’ वीडियो कोर्स को दिए गए लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस कोर्स से जुड़ें और साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर एडीजी गुप्तवार्ता अमित कुमार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, आईजी प्रशांत अग्रवाल, एसीपी अमित तुकाराम काम्बले, रविशंकर विश्वविद्यालय कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. शैलेन्द्र पटेल सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं साइबर अपराधों से बचने के उपाय सीखें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने विशेष रूप से साइबर जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो घबराने या देर करने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को ठगी की राशि को रोकने और पीडि़त तक वापस पहुंचाने की कार्रवाई करने में मदद मिलती है।उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों में बुजुर्गों, माता-पिता और अन्य परिजनों को साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में बताएं। सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ओटीपी, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में सावधानी बरतने के लिए लोगों को जागरूक करें।
कार्यक्रम में बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर द्वारा साइबर क्राइम वालंटियर पहल संचालित की जा रही है। विद्यार्थियों से भी इसमें सहभागी बनने की अपील की गई।
‘गोल्डन ऑवर’ का महत्व सामने आया, पीडि़त ने साझा की आपबीती*
कार्यक्रम में साइबर अपराध से पीडि़त व्यक्तियों ने अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को साइबर ठगी के वास्तविक स्वरूप से अवगत कराया। एक करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के शिकार डॉ. सेन ने बताया कि किस प्रकार उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर साइबर अपराधियों ने अपने जाल में फंसाया। उन्होंने समय रहते पुलिस से संपर्क किया। गोल्डन ऑवर में पुलिस को सूचना मिलने के कारण 60 लाख रुपये की ठगी की राशि वापस प्राप्त हो सकी। उनकी आपबीती ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि साइबर ठगी के बाद प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है और तत्काल पुलिस अथवा 1930 पर सूचना देना अत्यंत आवश्यक है।