रायपुर

18 किलो गांजा तस्करी में एक को 10 साल जेल दूसरा फरार
13-Sep-2026 7:12 PM
18 किलो गांजा तस्करी में एक को 10 साल जेल दूसरा फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 सितंबर। एनडीपीएस विशेष जज श्रीमती किरण थवाईत ने 18 किलो गांजा रखने के मामले में राज नामदेव को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। फैसला 11 सितंबर को सुनाया गया।

 दो साल पहले पुलिस ने मुखबिर से सूचना पर आरोपी राज नामदेव को भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर दो के पास से गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। सूचना में बताया गया कि  स्थल पर  दो व्यक्ति गांजा लेकर बस स्टैंड के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी राज नामदेव के पास  से दो पैकेटों में 8 किलो गांजा बरामद किया गया। वहीं उसके साथ आरोपी शाहनवाज खान के बैग से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से 18 किलो गांजा जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में शाहनवाज खान लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ, जिसके बाद उसे फरार घोषित कर उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। विचारण के दौरान  आठ गवाहों के बयान , जब्ती, मालखाना, एफएसएल और जांच रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष पेश किए। इस पर अदालत ने  राज नामदेव को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(बी) के तहत दोषी माना।


अन्य पोस्ट