रायपुर

सदर बाजार में पुरानी और जर्जर इमारत का हिस्सा जमींदोज, कोई हताहत नहीं
12-Sep-2026 7:15 PM
सदर बाजार में पुरानी और जर्जर इमारत का हिस्सा जमींदोज, कोई हताहत नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 सितंबर। सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात  सहेली ज्वेलर्स के सामने एक पुरानी और जर्जर इमारत के सामने का हिस्सा अचानक जमींदोज होने से  हडक़ंप मच गया।  इस सूचना पर  पुलिस और नगर निगम की टीम ने राहत कार्य शुरू किया।

इस घटना के संबंध में बताया गया है कि उस मार्ग से गणेश प्रतिमा ले जा रही एक उत्सव समिति द्वारा तेज आवाज में बजाय गए डीजे के  कंपन से भवन का यह जर्जर हिस्सा गिरने लगा। वहीं कोतवाली के एसआई मरावी ने बताया डीजे आने के पहले 9.45 बजे  गिर गया था। भवन काफी जर्जर हो चुका है। पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते उसे वैसे ही खंडहर छोड़ दिया गया है।  बिल्डिंग के नीचे लाला पान भंडार है 2 लोग दुकान में थे उनको लगा ऊपर से कुछ गिर रहा है तो दोनों बाहर निकले और फिर सामने का हिस्सा पूरा भरभरा के गिर गया।

 राहत की बात यह रही कि घटना में कोई अनहोनी नहीं हुई। शनिवार सुबह से गिरे भवन का मलबा सफाई का काम शुरू किया गया।नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान काफी जर्जर स्थिति में था और नगर निगम की ओर से भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। शुक्रवार देर रात अचानक इमारत का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो दिन पहले ही जर्जर भवनों को लेकर सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए थे कि जर्जर भवन ढहाए जाएं और कलेक्टर-एसपी अपने-अपने क्षेत्रों में भवनों की नियमित निगरानी करें। अधिकारी सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो। मुख्यमंत्री ने कहा था कि यदि जोखिमपूर्ण भवनों की जांच में लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


अन्य पोस्ट