रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
तिल्दा नेवरा, 12 सितंबर। आगामी गणेश पर्व और प्रतिमा विसर्जन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नेवरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम मुकेश कोठारी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी तथा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला (डॉ. खुमान वर्मा) सहित प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसडीएम एवं सीएसपी ने गणेशोत्सव समितियों से शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। थाना प्रभारी ने प्रशासनिक गाइडलाइन का वाचन कर कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों ने प्रतिमा विसर्जन की समय-सीमा पर चर्चा करते हुए पितृ पक्ष से पूर्व तथा दिन के समय विसर्जन संपन्न कराने का सुझाव दिया।
रात्रि 10 बजे के बाद डीजे एवं उच्च ध्वनि वाले वाद्य यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई। निर्धारित समय के पश्चात उल्लंघन पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की बात कही गई।
बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद रानी सौरभ जैन, विजय सोनू मारखंडे, नीता वर्मा, एल्डरमैन अनिल वर्मा, सुरेश लखवानी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पुलिस बल एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।