रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। बेटे की मौत के बाद मुआवजा लेने कबीरधाम से रायपुर आई महिला का 1.60 लाख रूपए से भरा पर्स पार हो गया। बताया जा रहा है कि पीडि़ता ममता तिवारी रायपुर स्थिित न्यायालय से काम निपटाकर पति के साथ ऑटो से भनपुरी जा रही थी। उसने कोर्ट परिसर स्थित पीएनबी बैंक से लगभग 1 लाख 60 हजार निकाले और उसे पर्स में रख कर आटो से भनपुरी जा रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात ने उसके पर्स में रखे रकम को चोरी कर ले गया।
ममता तिवारी ने बताया कि वह कबीरधाम जिले के बोडला तहसील के ग्राम महाराजपुर में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। 10 सितंबर को वह अपने बेटे की दुर्घटना में हुई मृत्यु की राशि लेने रायपुर न्यायालय आई थीं। न्यायालयीन कार्यवाही पूरी होने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित पीएनबी बैंक से 1.60 लाख रुपए नकद निकाले।
इसके बाद शाम 4 बजे ममता अपने पति खेदन तिवारी के साथ मल्टीलेवल पार्किंग, छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के पास से ऑटो ई-रिक्शा में बैठकर फाफाडीह चौक पहुंचीं। वहां से दोनों दूसरे ऑटो में सवार होकर भनपुरी चौक गए।
भनपुरी पहुंचने के बाद ममता ने अपने पर्स की जांच की तो उसमें रखे 1.60 लाख रुपए गायब मिले। उन्होंने तत्काल अपने पति और वकील निरंजन साहू को घटना की जानकारी दी।
उसने आशंका जताई कि फाफाडीह से भनपुरी के बीच ऑटो से सफर के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पर्स से रकम चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित ऑटो और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से संदिग्ध की पहचान का प्रयास कर रही है।