रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में एक मकान और मंदिर को निशाना बनाया है। वहां से सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोबरांवपारा निवासी ज्ञानचंद ने पुलिस को बताया कि वह फर्नीचर-बढ़ई का काम करता है। 9 सितंबर को वह काम से नवापारा गया था। उसकी पत्नी खेत में और दो बेटियां स्कूल गई थीं।
दोपहर 12 बजे वापस लौटने पर उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी में रखे गहने समेत 97,380 रुपए नकद गायब मिले।
दूसरी घटना ग्राम सुंदरकेरा के बड़ेबांधा तालाब पार स्थित मां महामाया मंदिर में हुई। मंदिर की चाबी बैगा नत्थूराम तारक, अभय सिंह ठाकुर, मंगलू राम यादव और महेंद्र के पास रहती है। महेंद्र ने बताया कि मंदिर को सुबह और शाम पूजा-अर्चना के लिए खोला जाता है।
9 सितंबर की रात 8 बजे पूजा के बाद महेंद्र मंदिर में ताला लगाकर घर चला गया। अगले दिन सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचने पर दरवाजे का कुंदा और ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा हुआ था और दानपेटी मंदिर के गर्भगृह के बाहर पड़ी थी। मंदिर से चांदी के छत्र, मुकुट, कर्णफूल, बंधा-पुतरी, पायल, बिछिया और नैन सहित सोने की नथनी चोरी हुई है।
इसके अलावा दानपेटी से 5,000 रुपए नकद और शीतला मंदिर से चार चांदी के नैन भी गायब मिले। शिकायत पर पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331(4) का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।