रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 सितंबर। नवा रायपुर सेक्टर-20 के भव्य शांति शिखर भवन में रविवार 13 सितम्बर को सुबह 10.30 बजे एक विशाल राष्ट्रीय महासम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के उद्योग-व्यापार प्रभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया है।
ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने बताया कि महासम्मेलन का विषय सचेत पूंजीवाद-दिशाहीन दुनिया में मकसद के साथ प्राफिट रखा गया है।
महासम्मेलन में मुख्य अतिथि मशहूर हरि कृष्णा एक्सपोर्ट्स सूरत के फाउंडर पद्मश्री सवजी भाई ढोलकिया होंगे। उनके साथ ही देश की अग्रणी स्टेनलेस स्टील कंपनी विराज प्रोफाइल्स प्रा. लि. के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज राजा कोचर (मुंबई) भी सम्मानित अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में मुंबई की सुप्रसिद्ध कॉर्पोरेट ट्रेनर ब्रह्माकुमारी क्रिना अपने प्रेरणादायी विचारों से उद्योगपतियों को मार्गदर्शन देंगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अविनाश ग्रुप के डायरेक्टर आनंद सिंघानिया, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश धौरानी और कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पारवानी विशिष्ट अतिथि रहेंगे। ब्रह्माकुमारीज़ इंदौर जोन की डायरेक्टर ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी और रायपुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी भी सम्मेलन को सम्बोधित करेंगी।इस महासम्मेलन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से नि:शुल्क रखा गया है। इच्छुक व्यापारी और उद्योगपति निमंत्रण कार्ड में दिए गए क्यूआर (क्तक्र) कोड को स्कैन करके या मो. नंबर 94252 02355, 7489946997, 78989002255 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
इसके साथ ही रायपुर के तीन प्रमुख केंद्रों-शांति सरोवर (सड्डू), शांति शिखर (नवा रायपुर) और विश्व शांति भवन (चौबे कॉलोनी) में सुबह और शाम को 7 से 8 बजे दो सत्रों में राजयोग अनुभूति शिविर भी रखा गया है जिसका लाभ शहरवासी अपनी सुविधानुसार ले सकते हैं।