रायपुर

किसानों के आक्रोश के बाद क्रासिंग डीसी की अस्थायी मरम्मत शुरू
10-Sep-2026 7:07 PM
किसानों के आक्रोश के बाद क्रासिंग डीसी की अस्थायी मरम्मत शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 सितंबर। जल उपभोक्ता संस्था टेकारी के प्रशासनिक नियंत्रण में आने वाले महानदी मुख्य नहर से निकले आउटलेट से खेतों तक सिंचाई पानी पहुंचाने के लिए बनाए गए क्रासिंग डीसी का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। क्षतिग्रस्त डीसी के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में आक्रोश था।

सिंचाई के लिए पानी की जरूरत को देखते हुए संस्था अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मई माह में सुशासन तिहार के दौरान भी आवेदन दिया गया था। इसके बाद विभागीय अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का मुआयना किया।

आउटलेट से पानी के प्रवाह को देखते हुए फिलहाल स्थायी मरम्मत संभव नहीं होने पर बोरियों में मिट्टी भरकर अस्थायी मरम्मत शुरू की गई है, ताकि खेतों तक सिंचाई पानी पहुंचाया जा सके। विभाग की ओर से आउटलेट से पानी की निकासी बंद होते ही स्थायी मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया है।


अन्य पोस्ट