रायपुर
रायपुर, 10 सितंबर। पुरानी विधानसभा इलाके में एक साल पहले 14 साल से कम उम्र की नाबालिग से रेप के प्रयास मामले में अपर सत्र न्यायाधीश, चतुर्थ फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो), ने आरोपी धीरेन्द्र कुमार राम उर्फ धीरन को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 500 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला विशेष जज गिरीश कुमार मांडवी ने सुनाया।
सरकारी वकील मोनिस बोस ने बताया कि घटना 18 अक्टूबर 25 की रात 9.30 बजे ग्राम सकरी स्थित संजय राइस मिल में हुई थी। 14 वर्षीय पीडि़ता रात में रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को बताया कि राइस मिल में काम करने वाले धीरन ने उसे एकांत में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। पीडि़ता की मां ने 19 अक्टूबर 2025 को विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। विचारण के दौरान अभियोजन ने पीडि़ता, उसके माता-पिता तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी माना। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) सहपठित धारा 62 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) सहपठित धारा 18 में समान दंड का प्रावधान है।
परिस्थितियों को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रुपए जुर्माना लगाया।
न्यायालय ने घटना के कारण पीडि़ता को हुए शारीरिक और मानसिक आघात के लिए क्षतिपूर्ति योजना के तहत चार लाख रुपये प्रतिकर दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।