रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 सितंबर। शहर कांग्रेस ने बुधवार को विद्युत वितरण कंपनी के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान और विभाग के आदेश के बीच विरोधाभास पर सवाल उठाया।
जिला अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि गृहमंत्री विजय शर्मा ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि स्मार्ट मीटर लगाना ऐच्छिक है और उपभोक्ता चाहे तो मना कर सकता है। इसके विपरीत वितरण कंपनी या टाटा कंपनी के लोग घरों में नोटिस देकर 3 दिन के अंदर स्मार्ट मीटर न लगवाने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। ज्ञापन में दूसरी मांग रखी गई है कि हर वार्ड में 5-5 उपभोक्ताओं के सिंगल फेस, थ्री फेस और कमर्शियल घरों-दुकानों में चेक मीटर के साथ स्मार्ट मीटर लगाकर 3 माह तक परीक्षण किया जाए, ताकि आम जनता को विश्वास हो सके कि पुराने मीटर की तुलना में नया स्मार्ट मीटर सही गणना कर रहा है और जेब नहीं काटी जा रही।