रायपुर
रायपुर, 9 सितंबर। छत्तीसगढ़ सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर पीसी संजीव शुक्ला से भेंट की। इस दौरान उन्होंने समाज के आजीवन सदस्य त्रिभुवन तिवारी पर जानलेवा हमला करने वाले की गिरफ्तारी की मांग की। अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने बताया कि रविवार सुबह श्री तिवारी थाने से 50 मीटर दूर ही स्थित संतोषी नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना कर घर जा रहे थे। तभी एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा और ब्राह्मण यहां से भागो कहते हुए गाली गलौज करने लगा। मना करने पर हाथ में रखे कुदाल से हमला किया। इसमें श्री तिवारी के पिंडली में चोटें आई। इस मामले की थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है। हमने कमिश्नर से तलाशी अभियान तेज करने की मांग की है। इस मुलाकात में समाज के अन्य पदाधिकारी और कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष अरूण शुक्ला भी शामिल रहे।