रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 9 सितंबर। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के तत्वावधान में अभनपुर में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े 250 से अधिक शिक्षक, प्राचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं संकुल समन्वयक शामिल हुए। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं कलम भेंटकर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय विनियामक आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष व्ही. के. गोयल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के भविष्य का निर्माण शिक्षक के हाथों में होता है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों को भी दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के प्रति उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक समाज में सदैव सम्मान और प्रेरणा के केंद्र रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटक के प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है, जो पूरे वर्ष विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, सामाजिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके योगदान को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है। इंटक के जिला अध्यक्ष भरत देवांगन ने बताया कि समारोह में अभनपुर विकासखंड के 250 से अधिक शिक्षकों की सहभागिता रही। इसमें कार्यरत शिक्षकों के साथ-साथ प्राचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं संकुल समन्वयक भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करने का यह प्रयास उनके प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
समारोह के दौरान शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं कलम भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और गर्व की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम में शिक्षा, शिक्षक और समाज के बीच संबंधों पर भी विचार रखे गए। आयोजकों ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यालय तक सीमित भूमिका निभाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को दिशा देने वाला राष्ट्र निर्माता और मार्गदर्शक है। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ समाज में शिक्षा एवं शिक्षक के महत्व को स्थापित करने का कार्य करते हैं।
इस आयोजन में उत्रसेन गहिरवारे अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अभनपुर, पार्षद मीना साहू ,पार्षद चंपा लेदेकर,पार्षद बीरबल टंडन,पार्षद डोमेंद्र साहू , धीरेंद्र गिलहरे जिला उपाध्यक्ष इंटक , दीपक देवांगन,नारायण सोनी जिला अध्यक्ष सर्व समाज रायपुर ,रोहित सोनी पब्लिक स्वर न्यूज, प्राचार्य जानकी साहू बजरंगदास, फाखरा दानी प्राचार्य पीएमश्री सेजेस हरिहर नवापारा ,प्राचार्य आलेखूंटा,प्राचार्य खोला, डॉ तारा त्रिपाठी प्राचार्य पीएमश्री सेजेस अभनपुर, भारती अग्रवाल प्राचार्य हाई स्कूल गोंडपारा अभनपुर ,प्रदीप साहू जिला अध्यक्ष संयुक्त शिक्षक संघ रायपुर ओमप्रकाश सोनकला जिला अध्यक्ष शिक्षक एसोसिएशन रायपुर, जितेंद्र सिन्हा,युवराज सिन्हा,गोपेश साहू , हेमंत साहू,सहित बड़ी संख्या शिक्षकों की उपस्थिति रही । कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमंत साहू ने किया