रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 सितंबर। मौसम विज्ञान केंद्र ने कल के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में कल से बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत दिए हैं। इस दौरान मंगलवार को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना है। दिन में धूप और उमस के बाद कई इलाकों में अचानक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की स्थिति बन सकती है। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
रायपुर, सूरजपुर, सरगुजा, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अलावा सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र में भी मौसम की सक्रियता अधिक रहने की संभावना है। महासमुंद, कोरबा और जांजगीर के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
अगले पांच दिनों तक बारिश : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 से 11 सितंबर तक प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन तीनों दिनों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है। 12 और 13 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोनों दिनों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।