रायपुर
नहीं मिलने पर बेमुद्दत हड़ताल 22 से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 सितंबर। 22 सितंबर से 12 हजार से अधिक यात्री बसों के पहिए थमने जा रहें हैं। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने इसे रोकने के लिए सरकार से अपनी मांगे पूरी करने की शर्त रखी है। महासंघ यात्री किराए में वृद्धि,ई-बसे शहर के भीतर ही चलाने जैसी 9 मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा कर दी है। महासंघ के संरक्षक भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा हैं।
बस संचालकों का कहना है कि प्रदेश में 2018 के बाद से बस के किराए में वृद्धि नहीं की गई है। उस समय कांग्रेस सरकार ने केवल 25 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाने की अनुमति दी गई थी। यह किराया दर अब तक लागू है जबकि इन 8 वर्ष में डीजल की दर 92 से बढक़र 110 रूपए हो गया है। आपरेटर का कहना है कि ईरान युद्ध के बाद से डीजल के बढ़ते दामों में बस संचालन महंगा हो गया है। महंगे डीज़ल में 1 लाख कर्मचारियों के वेतन भत्ते निकालना मुश्किल हो रहा है। और हम किराए के लिए , परिवहन अधिकारियों, मंत्री और कैबिनेट पर निर्भर हैं। जबकि भाजपा शासित महाराष्ट्र ओडिशा में परिवहन विभागों ने एक सिस्टम बना रखा है। डीज़ल की कीमतों के साथ किराया भी स्वयंमेव घट बढ़ जाता है। उन्होंने रेशियो सेट कर दिया है। वहीं मप्र सरकार ने भी वहां 2 रूपए किमी की दर से वृद्धि कर दी है। इन संचालकों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी 1.75 रूपए किमी की वृद्धि प्रस्तावित कर दी गई है लेकिन आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। अफसर , कैबिनेट की हरी झंडी का इंतजार कर रहे हैं। सरकार चाहे तो हड़ताल रोकने कल की केबिनेट में निर्णय ले सकती है।
दुसरी ओर महासंघ अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने हड़ताल की नोटिस में अपनी अन्य मांगों पर बताया कि सिंगल स्लीपर बस पर सिंगल टैक्स,स्टेट कैरिज बसों के समय अंतराल तय करने , आनलाइन परमिट की सुविधा भी दी जाए।
बस संचालकों
की 9 मांगें
- यात्री किराया बढ़ाया जाए
- बसों में सिंगल स्लीपर का सिंगल टैक्स लिया जाए
- ई-बस को शहर सीमा के भीतर चलाया जाए
- ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की बसों को ग्रामीण क्षेत्र व बस स्टैंडों से संचालन प्रतिबंधित किया जाए
- स्टेज कैरिज बसों के समयचक्र में दो बसों के मध्य अंतराल का निर्धारण किया जाए
- वीएलटीडी डिवाइस के रिन्यूअल की दर में कमी कराई जाए।
- मैनुअल फिटनेस प्रदान किया जाए।
- प्रतिहस्ताक्षर को नियंत्रित किया जाए ।
- सभी बसों में ऑनलाइन परमिट बनाने की सुविधा दी जाए।