रायपुर

सीएम-पीएम के रूप में मोदी के 25 साल पूरे, 17 को प्रदेशभर में 35 लाख दीप जलाएगी भाजपा
08-Sep-2026 8:03 PM
सीएम-पीएम के रूप में मोदी के 25 साल पूरे, 17 को प्रदेशभर में 35 लाख दीप जलाएगी भाजपा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विधायक से लेकर प्रधानमंत्री तक सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश भाजपा 17 सितंबर को प्रदेशभर में 35 लाख दीप जलाकर उनका सम्मान और आभार व्यक्त करेगी। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि  प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि चिनाब ब्रिज, अटल टनल और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के माध्यम से देश की एकता और विकास को मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री की कार्यक्षमता और नेतृत्व पर भाजपा को गर्व है।

इसी भावना के साथ प्रदेश भाजपा और जनता की ओर से 17 सितंबर को प्रदेशभर में 35 लाख दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सेवा के रंग’, ‘सेवा सरोकार योगदान’, ‘सेवा ज्योति’ और ‘युवा टोली’ प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि ‘युवा टोली’ के तहत युवाओं की टोली नगर से वाराणसी तक यात्रा करेगी। यह यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी और सेवा एवं जनभागीदारी का संदेश देगी।


अन्य पोस्ट