रायपुर
8 और 9 को बैठकों का दौर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता यूसीसी का प्रारूप (ड्राफ्ट) तैयार करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति दुर्ग संभाग के सभी जिलों के प्रमुखों, प्रबुद्ध जनों और जनप्रतिनिधियों के साथ 8 और 9 सितंबर को एक वृहद समूह चर्चा करने जा रही है।
दो दिनों तक दुर्ग संभाग के अलग-अलग जिलों को केंद्रित करते हुए बैठकें होंगी। आगामी 8 सितंबर को दुर्ग में दोपहर 12 बजे से आयोजित इस बैठक में दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी तरह 9 सितंबर को राजनांदगांव में दोपहर 12 बजे से होने वाली बैठक में राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का प्रतिनिधित्व रहेगा।
हर वर्ग की आवाज़ को ड्राफ्ट में मिलेगी जगह: इन बैठकों में राजनीतिक दलों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों, पद्म श्री हस्तियों, निगम-मंडल व आयोगों के प्रतिनिधियों तथा प्रतिष्ठित व विशिष्ट नागरिकों को खासतौर पर आमंत्रित किया गया है।