रायपुर

शादी का झांसा देकर रेप, 20 साल जेल
07-Sep-2026 6:44 PM
शादी का झांसा देकर रेप, 20 साल जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 सितंबर। शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ रेप के मामले में प्रथम फास्ट ट्रैक विशेष अदालत ने आरोपी क्षत्री उर्फ रवि को दोषी ठहराते हुए 20 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और धारा 5(ठ)/6 के तहत सजा सुनाई। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय (पॉक्सो), अच्छेलाल काछी ने सुनाया।

सरकारी वकील डालेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि 16 दिसंबर 2024 को वह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। जिसके बाद वह स्कूल नहीं पहुंची। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने  उसकी खोजबीन की। असके बाद दूसरे दिन उन्होंने खरोरा थाना जाकर लडक़ी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपी पीडि़ता के गांव में नल योजना के तहत घर-घर नल लगाने का काम करता था। इसी दौरान उसकी जान पहचान हुई। आरोपी ने उसे शादी का प्रलोभन देकर 16 दिसंबर को उसने सारागांव बस स्टैंड बुलाया और वहां से अपने साथ रायपुर ले गया।

इसके बाद उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर पकड़ा। उसे फॉस्ट ट्रेक कोर्ट में पेश किया गया।

जहां अदालत ने साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद आरोपी को धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ)/6 के आरोपों में दोषसिद्ध किया। वहीं धारा 137(2) और 87 के आरोपों से आरोपी को दोषमुक्त किया गया।

अदालत ने पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत 20 वर्ष का सश्रम कारावास और 1,000 रुपए अर्थदंड,की सजा दी है। अर्थदंड नहीं देने पर दो-दो माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।


अन्य पोस्ट