रायपुर

लोकधुनों और नृत्यों से सजा ‘लोकरंग पर्व’, भरथरी गाथा ने बांधा समां
07-Sep-2026 6:40 PM
लोकधुनों और नृत्यों से सजा ‘लोकरंग पर्व’, भरथरी गाथा ने बांधा समां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 सितंबर। संस्कृति विभाग, द्वारा आयोजित  ‘लोकरंग पर्व’ का रविवार को  मुक्ताकाशी मंच,  घासीदास संग्रहालय परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। 8 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की पारंपरिक लोकविधाओं की विविध रंगत देखने को मिल रही है।

कार्यक्रम के पहले दिन  शुरुआत भरथरी गाथा की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद कलाकारों ने पंडवानी, देवार गीत और भरथरी गाथा सहित  देवार गीत, करमा नृत्य, सरहुल, लोरिक-चंदा, ददरिया, पंडवानी और पंथी जैसी विविध लोककलाओं की प्रस्तुतियां शामिल हैं।

पहले दिन सुश्री दुर्गा साहू ने पंडवानी, श्रीमती पूनम तिवारी ने देवार गीत तथा सुश्री अरुणिमा शर्मा ने भरथरी गाथा की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की लोकजीवन की संवेदना, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दी।

कार्यक्रम के संचालक एवं संस्कृति एवं पुरातत्व संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि स्थानीय मंचों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकविधाओं से जुड़े कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिलता है।

लोकरंग पर्व के शुभारंभ अवसर पर  उपसंचालक  उमेश मिश्रा, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवि मीर अली मीर, बॉलीवुड अभिनेत्री श्वेता पड्डा , वरिष्ठ पत्रकार एवं छायाकार दीपेंद्र दीवान, साहित्यकार  विजय मिश्रा सहित अनेक  कला-संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट