रायपुर

बैंक में ड्रॉप बॉक्स से चेक निकालते दो संदिग्ध कैमरे में कैद, फर्जी आधार से निकाले साढ़े 4 लाख
06-Sep-2026 8:05 PM
बैंक में ड्रॉप बॉक्स से चेक निकालते दो संदिग्ध कैमरे में कैद, फर्जी आधार से निकाले साढ़े 4 लाख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितम्बर। कोतवाली पुलिस ने बैंक के ड्रॉप बॉक्स से चेक गायब करने और फर्जी आधार कार्ड से रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत पर बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने अपनी संपत्ति की बिक्री का सौदा किया था। सौदे के तहत खरीदार ने 14 जुलाई को स्टेट बैंक, संतोषी नगर शाखा का 4.40 लाख रुपए का एकाउंट पेयी चेक आनंद कुसरे के नाम जारी किया था। आनंद ने यह चेक दूसरे दिन बैंक ऑफ इंडिया की तात्यापारा शाखा में अपने खाते में जमा किया।

अगले दिन जब चेक की राशि खाते में नहीं पहुंची तो उन्होंने बैंक से जानकारी ली। बैंक कर्मचारियों ने पहले चेक गुम होने की जानकारी दी। बाद में 20 जुलाई को पता चला कि उसी चेक की 4.40 लाख रुपए 16 जुलाई को संतोषी नगर शाखा से किसी अज्ञात व्यक्ति ने नकद निकाल ली है। आरोपी ने चेक के पीछे उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज किया। इसके अलावा उनके नाम का फर्जी आधार कार्ड तैयार कर बैंक में पेश किया गया।

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने तात्यापारा और संतोषी नगर स्थित बैंक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध  बैंक की चेक बॉक्स से चेक निकालते हुए दिखाई दिए।

पुलिस जांच ने  चेक चोरी और धोखाधड़ी कर रकम निकालने का अपराध पाए जाने पर धारा 303(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट