रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 सितंबर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना भाऊ पटोले ने जातिगत जनगणना के मौजूदा प्रारूप को मूलभूत रूप से दोषपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। प् उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मौजूदा प्रश्नावली को निरस्त कर तेलंगाना और बिहार की तर्ज पर प्रमाणित जाति सूची और ड्रॉपडाउन प्रणाली के आधार पर नई प्रश्नावली तैयार की जाए।
पटोले ने प्रेस कांफ्रेंस कहा कि जनगणना में 40 सवाल हैं, लेकिन 10वें सवाल में जाति दर्ज करने के लिए खुला विकल्प दिया गया है। इससे एक ही जाति के अलग-अलग क्षेत्रीय नाम, उपजाति, भाषा और वर्तनी के कारण आंकड़े बिखर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रारूप में ‘पिछड़ा वर्ग’ शब्द तक शामिल नहीं है, जिससे ओबीसी और ईबीसी की वास्तविक आबादी सामने नहीं आ पाएगी।
उन्होंने कहा कि गलत आंकड़ों के कारण आरक्षण की समीक्षा, शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं में जरूरतमंद समूहों की पहचान प्रभावित होगी। साथ ही विधानसभाओं, लोकसभा, नौकरशाही और अन्य संस्थानों में प्रतिनिधित्व का सही आधार भी नहीं बन पाएगा। इससे पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर आने वाली पीढिय़ों तक असर पड़ सकता है।
पटोले ने बताया कि 1 जून की बैठक में सामाजिक न्याय मंत्रालय के अधिकारियों ने एनसीबीसी की मौजूदा ओबीसी सूची उपलब्ध कराने की बात कही थी। यदि सूची मौजूद है तो ड्रॉपडाउन व्यवस्था क्यों नहीं अपनाई गई, यह सवाल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश में करीब 4,200 जातियां हैं और केंद्र व राज्य सरकारों के पास पहले से जातियों की सूचियां उपलब्ध हैं। 21 सितंबर 2021 के सुप्रीम कोर्ट में दिए गए केंद्र के हलफनामे में भी जातिगत जनगणना के लिए ड्रॉपडाउन सूची की जरूरत स्वीकार किए जाने का उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2021 से सही जातिगत जनगणना की मांग कर रही है। राहुल गांधी ने 2023 से इसे प्रमुख मुद्दा बनाया है। मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी ने 20 अगस्त को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मौजूदा प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। इससे पहले खडग़े 16 अप्रैल 2023 और 5 मई 2025 को भी सुझाव दे चुके हैं।
पटोले ने कहा कि राहुल गांधी के दबाव के बाद केंद्र सरकार ने 30 अप्रैल 2025 को 2027 में जातिगत जनगणना कराने की घोषणा की थी। फिलहाल जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में प्रक्रिया शुरू हुई है, जबकि देशभर में जनगणना फरवरी 2027 से शुरू होगी। ऐसे में सरकार के पास प्रारूप में सुधार का पर्याप्त समय है। कांग्रेस पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।