रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 सितंबर। छत्तीसगढ़ में मानसून की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 926.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले 10 वर्षों के औसत के आधार पर इस अवधि में 920.3 मिलीमीटर बारिश अपेक्षित थी। इस तरह प्रदेश में सामान्य की तुलना में 100.7 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। हालांकि जिलों में बारिश के वितरण में काफी अंतर है। बलरामपुर में सर्वाधिक 1,438 मिमी, जबकि बेमेतरा में सबसे कम 540.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 6 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में आज औसतन 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई। बलरामपुर में सामान्य की तुलना में 179.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 155.7 प्रतिशत, रायपुर में 135.7 प्रतिशत, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 131.6 प्रतिशत, महासमुंद में 128.6 प्रतिशत और गरियाबंद में 121.1 प्रतिशत वर्षा हुई है। राजधानी रायपुर में अब तक 1031.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं बिलासपुर में 943.5 मिमी, दुर्ग में 700.5 मिमी, कोरबा में 1026.6 मिमी, धमतरी में 950.4 मिमी, मुंगेली में 956 मिमी और जांजगीर-चांपा में 1064.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।
दूसरी ओर दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश सामान्य से कम है। कांकेर में सामान्य की 63.3 प्रतिशत, सुकमा में 67.5 प्रतिशत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 70.6 प्रतिशत, बीजापुर में 75.7 प्रतिशत, बस्तर में 77 प्रतिशत और कोंडागांव में 78.7 प्रतिशत वर्षा हुई है। सरगुजा में 573.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य की 81.7 प्रतिशत है।
जिलेवार आंकड़ों में बीजापुर में 1236.8 मिमी, नारायणपुर में 1285.7 मिमी और दंतेवाड़ा में 1083.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि इन जिलों में सामान्य की तुलना में बारिश का प्रतिशत क्रमश: 75.7, 115.7 और 90.2 प्रतिशत रहा है।
आज कई जिलों में बारिश शून्य
6 सितंबर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सर्वाधिक 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बेमेतरा में 1.3 मिमी, दुर्ग और राजनांदगांव में 1.1-1.1 मिमी, सरगुजा में 0.9 मिमी और कोरिया में 0.8 मिमी वर्षा हुई। वहीं सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, महासमुंद, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित कई जिलों में आज बारिश शून्य दर्ज की गई।
कुल मिलाकर राज्य में औसत वर्षा 100.7 प्रतिशत रहने से मानसून सामान्य है, लेकिन जिलों के बीच वर्षा के वितरण में बड़ा अंतर है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है।