रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 सितंबर। ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन ने रायपुर, धरसींवा, मंदिर हसौद और अभनपुर क्षेत्र में टाटा पावर कंपनी लिमिटेड को विद्युत वितरण लाइसेंस देने के प्रस्ताव का विरोध किया है। फेडरेशन के चेयरमैन शैलेन्द्र दुबे ने राज्य सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
फेडरेशन का कहना है कि प्रस्तावित क्षेत्र राज्य की वितरण कंपनी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के सबसे अधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। निजी कंपनी को इन औद्योगिक और उच्च राजस्व वाले क्षेत्रों में प्रवेश मिलने से सीएसपीडीसीएल का बड़ा उपभोक्ता आधार और राजस्व प्रभावित हो सकता है।
फेडरेशन ने कहा कि वर्तमान विद्युत वितरण व्यवस्था क्रॉस-सब्सिडी पर आधारित है। औद्योगिक और अधिक भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व के जरिए किसानों, घरेलू, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में उच्च राजस्व वाले उपभोक्ताओं के निजी कंपनी के पास जाने से सार्वजनिक वितरण कंपनी पर वित्तीय दबाव बढ़ सकता है और किसानों व कमजोर वर्गों पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
फेडरेशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि किसी निर्णय से पहले सीएसपीडीसीएल की वित्तीय स्थिति, क्रॉस-सब्सिडी और उपभोक्ताओं पर संभावित प्रभाव का विस्तृत अध्ययन कराया जाए। साथ ही सार्वजनिक निवेश से निर्मित विद्युत अवसंरचना के उपयोग, उसकी लागत वसूली और निजी व्यावसायिक लाभ से जुड़े सभी पहलुओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
फेडरेशन ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष समानांतर वितरण लाइसेंस की याचिका के खिलाफ राज्य सरकार से स्पष्ट और प्रभावी पक्ष रखने का भी आग्रह किया है। उसका कहना है कि सार्वजनिक विद्युत वितरण व्यवस्था को आर्थिक रूप से मजबूत रखना जरूरी है, ताकि किसानों, ग्रामीण उपभोक्ताओं और कमजोर वर्गों को विश्वसनीय व सस्ती बिजली मिलती रहे।