रायपुर
रायपुर, 6 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की विशेष अदालत के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय 25 मई 2013 को माओवादी हमले में मारे गए 31 निर्दोष नागरिकों, सुरक्षाकर्मियों और वरिष्ठ नेताओं की आत्मा को शांति प्रदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की निष्पक्षता और एनआईए की सशक्त जांच के परिणामस्वरूप यह फैसला सामने आया है। किरण देव ने कहा कि झीरम घाटी हमला छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे नृशंस और कायरतापूर्ण हमला था। इसमें तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, उनके पुत्र दिनेश पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, बस्तर के जननायक महेंद्र कर्मा, पूर्व विधायक उदय मुदलियार सहित कई वरिष्ठ नेताओं, सुरक्षाकर्मियों और आम कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता लंबे समय से इस मामले की सच्चाई सामने आने की प्रतीक्षा कर रही थी। एनआईए की जांच टीम और अभियोजन पक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए देव ने कहा कि 101 गवाहों के साक्ष्य और पुख्ता दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर अदालत ने 10 लोगों को दोषी करार दिया है। एक आरोपी की विचारण के दौरान मृत्यु हो गई थी। यह साबित करता है कि कानून के हाथ लंबे हैं और किसी भी अपराधी या आतंकी को न्याय की जद से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।
बघेल से पूछा- जेब में कौन-सी पर्ची रखते थे?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उन दावों पर भी निशाना साधा, जिनमें वे जेब में झीरम मामले के सबूत होने की बात कहते थे। देव ने कहा कि बघेल जेब से पर्ची निकालकर दिखाते थे और कहते थे कि उनके पास सारे सबूत हैं। उन्हें पांच साल का कार्यकाल मिला, लेकिन इतने लंबे समय में भी वे उन कथित सबूतों को न्यायालय के सामने पेश नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि अब बघेल को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वह कौन-सा कागज था, जिसे वे पांच वर्षों तक न्यायालय में पेश नहीं कर सके।
कांग्रेस पर नक्सलियों के प्रति सहानुभूति का आरोप
देव ने कांग्रेस नेताओं द्वारा नक्सलियों के प्रति कथित सहानुभूति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने नक्सलियों को अपना ‘रोल मॉडल’ बताया था, वहीं कांग्रेस नेता राज बब्बर ने उन्हें ‘क्रांतिवीर’ और ‘क्रांतिकारी’ बताया था। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस पार्टी का यह कैसा चरित्र है, जहां नक्सलियों के पक्ष में बयानबाजी की जाती है। देव ने कांग्रेस से इस राजनीति के लिए प्रदेश और देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
नक्सलवाद के खात्मे के लिए सरकार संकल्पित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के तहत नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है। सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के बल पर बस्तर में शांति, विकास और विश्वास का नया दौर शुरू हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य से लाल आतंक के पूर्ण खात्मे और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।