रायपुर

शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माता, एआई के दौर में तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी-राज्यपाल
05-Sep-2026 6:24 PM
शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माता, एआई के दौर में तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी-राज्यपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की घोषणा की।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों का नई तकनीकों से परिचित होना जरूरी है, लेकिन तकनीक का विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और मानवीय मूल्यों के अनुरूप उपयोग उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। एआई सहायक बने, नियंत्रक नहीं। उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संस्कार, संवेदना, अनुशासन, प्रेरणा और जीवन की सही दिशा गुरु से ही मिलती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की रुचि और प्रतिभा पहचानकर उन्हें सही विषय और करियर चुनने में मार्गदर्शन देना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा को व्यावहारिक, कौशल आधारित, बहुभाषी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों को अपने ज्ञान और कौशल को लगातार अद्यतन करना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षण केवल नौकरी नहीं, बल्कि महान और गरिमामय दायित्व है। शिक्षक अपने ज्ञान के साथ आचरण से भी विद्यार्थियों को प्रभावित करते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा निखारना और उसके बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना शिक्षक की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार पर सरकार का जोर-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और नई पीढ़ी के निर्माता हैं। राज्य स्तरीय सम्मान शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम, नवाचार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक बच्चे तक बेहतर शैक्षणिक अवसर पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोडऩे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बस्तर में स्थानीय बोली के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा की पहल की गई है। शासकीय विद्यालयों में पैरेंट्स-टीचर मीट को बढ़ावा देकर अभिभावकों को भी शिक्षा व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश के 341 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है, जबकि स्वामी विवेकानंद के नाम पर 150 विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं। शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियां भी पूरी की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य में शिक्षा और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

एआई आधारित स्मार्ट स्कूलों को बढ़ावा

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में एआई आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों में संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए भी विभिन्न गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

चार शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार

समारोह में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के राजेश कुमार प्रजापति को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार, दुर्ग की प्रज्ञा सिंह को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा प्रधान पाठक, व्याख्याता, व्याख्याता एल.बी., शिक्षक एल.बी., सहायक शिक्षक और सहायक शिक्षक एल.बी. संवर्ग के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट