रायपुर

महापौर के खिलाफ अभद्र वीडियो प्रसारित करने वाली यू-ट्यूबर गिरफ्तार
05-Sep-2026 6:22 PM
महापौर के खिलाफ अभद्र वीडियो प्रसारित करने वाली यू-ट्यूबर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। महापौर मीनल चौबे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज का वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने यू-ट्यूबर सोमा देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सोमा की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने के सामने प्रदर्शन किया।

बताया गया कि बारिश के बाद जलभराव और सडक़ निर्माण को लेकर नाराज युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह महापौर के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आया। इसके बाद भाजपा पार्षदों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी युवक विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने यू-ट्यूबर सोमा देवांगन को भी गिरफ्तार किया है। सोमा ने अपने चैनल पर विजय का वीडियो प्रसारित किया था। पुलिस ने सोमा को माध्यमिक शिक्षा मंडल के नजदीक रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेता सन्नी देवांगन सहित अन्य नेताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस मामले से जुड़े वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट