रायपुर

बीज निगम में नौकरी लगाने 2 लाख लिए, प्रकरण दर्ज
05-Sep-2026 6:17 PM
बीज निगम में नौकरी लगाने 2 लाख लिए, प्रकरण दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। तेलीबांधा पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।  धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

विनोद कुमार वर्मा, निवासी रायपुर द्वारा शिकायत प्रस्तुत की थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति पत्र जारी किए जाने के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसका उपयोग किया गया। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर दस्तावेजों एवं प्राप्त तथ्यों की जांच की जा रही है।

 इस दौरान  हेमंत साहू पिता रामगोपाल साहू निवासी कसडोल से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर  कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया है। विवेचना में यह भी ज्ञात हुआ है कि आरोपी कृष्णा अवस्थी पिता कुंजराम अवस्थी उम्र 53  वर्ष पता ग्राम रिसदा  थाना पलारी बलौदाबाजार के द्वारा नौकरी लगाने के लिए हेमंत साहू से दो लाख रुपया लिया गया था, जिसके एवज में फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया था  कृष्णा अवस्थी थाना पलारी के एक अन्य प्रकरण में धारा  वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। चूंकि आरोपी वर्तमान में अन्य प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है, अत: इस प्रकरण में उसकी पूछताछ एवं आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई हेतु  न्यायालय से विधिवत आदेश प्राप्त कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्र, दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही  है।

 

नशीली टेबलेट के साथ एक गिरफ्तार, 11 हजार का सामान जब्त

रायपुर, 5 सितम्बर। गुढि़य़ारी पुलिस ने नशीली टेबलेट की अवैध गिक्री करने वाले 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नाइट्राजेपाम की 84 टैबलेट, बिक्री रकम और मोबाइल समेत 11.5 हजार का सामान जब्त किया है। गुढिय़ारी पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर शाम 7.40 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक श्रीनगर रोड स्थित महेश भवन के पास खाली मैदान में नशीली गोलियां बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके सेे जितेश यादव उर्फ जित्तू 22, निवासी शहीद नगर, खमतराई को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके लोअर की जेब से 9 रेपर बरामद हुए। इनमें नाइट्राजेपाम -10 की 84 गोलियां थीं। जिसका वजन 46.2 ग्राम बताया गया। आरोपी के कब्जे से बिक्री रकम 1,000 रुपए बताई गई है। इसके अलावा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्ती की कीमत 11,510 रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीली गोलियां यूनुस नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और उनकी बिक्री कर रहा था। गुढिय़ारी पुलिस ने आरोपी जितेश यादव के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस  नशीली गोलियों की सप्लाई के नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट