रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितंबर। पुरानी बस्ती के मैथिल पारा स्थित स्वर्गीय राजेश्वरी देवी झा एवं स्वर्गीय वसंत लाल झा द्वारा निर्मित प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए उपस्थित हुए। जन्मोत्सव के दौरान देर रात तक मंदिर परिसर में भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा रहा।
नवयुवकों की टोली ने भजन-कीर्तन एवं धार्मिक गीतों की प्रस्तुति दी। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष और धुन पर श्रद्धालु एवं नवयुवक देर रात तक नाचते-गाते रहे। मंदिर के सर्वराकार पं. विजय कुमार झा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। जन्मोत्सव के पश्चात श्रद्धालुओं को पंजरी एवं फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के आचार्य डॉ आशुतोष झा भागवताचार्य द्वारा पूजा अर्चन कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।