रायपुर

मां महामाया का प्राकट्य उत्सव मना
05-Sep-2026 6:15 PM
मां महामाया का प्राकट्य उत्सव मना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 सितंबर। छत्तीसगढ़ की  राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री राजराजेश्वरी महामाया माता मंदिर में मां भगवती महामाया का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया, वहीं विद्युत सज्जा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

 मंदिर के व्यवस्थापक पं विजय कुमार झा ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग से जुड़े समय में माता योगमाया ने सातवीं संतान के रूप में जन्म लिया था। कंस द्वारा उन्हें मारने का प्रयास किए जाने पर वे उसके हाथ से छूटकर आकाश मार्ग में चली गईं और उन्होंने आकाशवाणी के माध्यम से कंस को चेतावनी दी कि उसका वध करने वाला आठवां संतान के रूप में जन्म ले चुका है। श्री झा ने बताया कि योगमाया के स्वरूप में मां महामाया के प्राकट्य उत्सव की परंपरा विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। इसी क्रम में पुरानी बस्ती स्थित श्री राजराजेश्वरी महामाया माता मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्राकट्य उत्सव आयोजित किया गया।

 इस अवसर पर न्यास समिति के अध्यक्ष व्यास नारायण तिवारी,वरिष्ठ सदस्य शेखर दुबे, कृपा राम यदु, विजय शंकर अग्रवाल,शिबू बिहारी शुक्ला, सूरज फुटान, आदि छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से मां भगवती का पूजा अर्चन की। उत्सव के अवसर पर मां भगवती को 51 किलो मालपुआ एवं 11 किलो पंजीरी का भोग अर्पित किया गया।

इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। साज सज्जा में श्री निलेश कुम्हार अज्जू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। माता के दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने मां महामाया से परिवार एवं समाज के सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। माता का आरती भोग मुख्य पुजारी श्रीकांत पांडे, सहातक पुजारी लक्ष्मीकांत पांडेय, एवं समलेश्वरी के पुजारी मनोज शुक्ला ने पूजा भोगआरती अर्पित किया


अन्य पोस्ट