रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 सितंबर। तेलीबांधा इलाके में सार्वजनिक स्थान पर गांजा और नशा करने से मना करने पर नशेड़ी युवकों ने गाली-गलौज मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी देकर ईंट से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के पिता के साथ भी आरोपियों ने धक्का - मुक्की कर दी। इसकी शिकायत नैय्यर बाड़ा, बेबीलोन स्कूल के सामने, रविग्राम, तेलीबांधा निवासी अनूप ने थाना म दर्ज कराई। उसने बताया कि रविभवन में मोबाइल की दुकान संचालित करता है। तेलीबांधा में उनके घर के पास एक सार्वजनिक शौचालय है। जहां अक्सर कुछ असामाजिक तत्व गांजा, शराब और अन्य चीजों का सेवन करते हैं। 3 सितंबर की रात 10:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान सार्वजनिक शौचालय के पास तीन-चार युवक गांजा पी रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। अनूप ने उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया। जिससे व नाराज हो गए और चारों युवकों ने अनूप को पकड़ लिया। उसके साथ गली गलौज किया गया। जान से मारने की धमकी दे हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। अनूप ने अपने बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों में से एक ने उस पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में अनूप के दाहिने हाथ, सिर, बाएं हाथ की उंगली और गर्दन में चोट आई। झगड़ा होता देख बीच बचाव करने आए उसके पिता ताराचंद भेण्डारकर के साथ भी धक्का मुक्की की गई। अनूप ने इसकी शिकायत तेलीबांधा में दर्ज कराई है।पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।