रायपुर
रायपुर, 4 सितंबर। रेलवे ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए अहम निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड ने गैर-सुरक्षा (नॉन-सेफ्टी) श्रेणी के पदों पर प्रमोशन के लिए योग्यता मानकों लेकर जारी भ्रम को पूरी तरह खत्म कर दिया है।बोर्ड की ओर से सभी जोनल महाप्रबंधकों और उत्पादन इकाइयों को जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अब आरक्षित वर्ग की सीटें खाली रहने पर फेल होने वाले कर्मचारियों में से सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रमोशन का अवसर दिया जाएगा। इस फैसले से देशभर के जोनल कार्यालयों में वर्षों से खाली पड़े आरक्षित पदों को समयबद्ध तरीके से भरने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे बोर्ड के संज्ञान में यह बात आई थी कि विभिन्न रेलवे मंडलों में अजा जजा वर्ग के प्रमोशन नियमों को लेकर लंबे समय से संशय की स्थिति बनी हुई थी। कई बार योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण आरक्षित सीटें खाली रह जाती थीं। इसे देखते हुए रेलवे बोर्ड ने पूर्व के तमाम परिपत्रों का अध्ययन करने के बाद एक विस्तृत और स्पष्ट रूपरेखा तय की है, ताकि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता बनी रहे।