रायपुर

चार बदमाशों ने किसान से की मारपीट चाकू मारकर मोबाइल-कैश लूटा
03-Sep-2026 7:04 PM
चार बदमाशों ने किसान से की मारपीट चाकू मारकर मोबाइल-कैश लूटा

रायपुर, 3 सितम्बर। राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में राहगीरों से लूट, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं बढ़ गई है। गोबरानवापारा इलाके में तीन दिनों में राहगीरों से लूट की यह दूसरी घटना है। जहां ग्राम टीला निवासी एक किसान के साथ चार लोगों ने रास्ता रोककर मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। घायल का मोबाइल, नकदी लूट बदमाश फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। खिलावन निषाद ने शिकायत में बताया कि वह खेती-किसानी का काम करता है। बुधवार की रात 10 बजे वह अपनी बाइक से नवापारा से  गांव लौट रहा था। ग्राम कुर्रा गोदाम के पास चार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। विरोध करने पर मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक ने चाकू से खिलावन पर हमला कर दिया। इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने उसके पास से मोबाइल और जेब में रखे एक हजार रूपए को लूट कर वहां से फरार हो गए। डायल-112 की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।

तीन दिन पहले भी हुई थी वारदात

इससे पहले तीन दिन पहले भी ग्राम कुर्रा में बस्तर घूमने जा रहे बिलासपुर जिले के ग्रामीणों के साथ रास्ता रोककर मारपीट, लूटपाट और वाहन में तोडफ़ोड़ करने का मामला सामने आया था। जहां रोहित और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज कर चाकू, डंडे और हाथ-मुक्के से मारपीट की गई। उसके पास से  16 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया गया। इस मामले में रोहित कुमार की शिकायत पर गोबरा पुलिस ने नाबालिग सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया।


अन्य पोस्ट