रायपुर
'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 सितंबर। राज्य में टीईटी अर्हता के आधार पर गतिमान शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति प्रक्रिया को बिना किसी लिखित आदेश के मौखिक रूप से रोके जाने और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों के विरोध में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ ने कड़ा रुख अपनाया है।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज स्कूल शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव तथा संचालक को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर प्रक्रिया को निर्बाध व समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की मांग की।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि विभागीय सेवा नियमों एवं माननीय न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक पूर्ण रूप से पदोन्नति के पात्र एवं हकदार हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तरों पर इस वैध प्रक्रिया को अकारण बाधित किया जा रहा है, जिससे प्रदेशभर के 40,000 टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों में भारी रोष व निराशा व्याप्त है।
ज्ञापन के मुख्य बिंदु:
1. भ्रामक अफवाहों पर रोक: सोशल मीडिया पर कुछ संगठनों द्वारा पदोन्नति प्रक्रिया रुकने का झूठा प्रचार किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों का मनोबल गिर रहा है और प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। शासन इसका तत्काल आधिकारिक खंडन जारी करे।
मौखिक रोक अनुचित: बिना किसी सक्षम लिखित आदेश के संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा वरिष्ठता सूची, दावा-आपत्ति एवं काउंसलिंग की प्रक्रिया को अटका कर रखा गया है, जो कि सेवा नियमों के सर्वथा विपरीत है।
समयबद्ध पदोन्नति: विभाग के सभी तय मापदंडों को पूर्ण करने वाले योग्य शिक्षकों को समय-सीमा तय कर तत्काल पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं।
संघ ने शासन एवं विभाग को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 04 सितम्बर 2026 तक इन भ्रामक अफवाहों का आधिकारिक खंडन नहीं किया जाता है और पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के कड़े दिशा-निर्देश जारी नहीं किए जाते हैं, तो प्रदेश के समस्त 40,000 टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक शिक्षक दिवस को शिक्षा मंत्री के नवा रायपुर स्थित आवासीय बंगले के समक्ष सत्याग्रह’ करने के लिए विवश होंगे।