रायपुर
रायपुर, 3 सितंबर। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने जमानत ऋण पुस्तिका में हेरफेर कर अदालत में दोबारा जमानत लेने का प्रयास करने के मामले में आरोपी के खिलाफ 318-4, 338, 336-3, 340-2 का अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 2 सितंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद कुमार सिंह के न्यायालय से संबंधित दस्तावेज और आदेश थाना सिविल लाइन में प्रस्तुत किए गए। न्यायालय के आदेश के मुताबिक आरोपी शुभम सिंह की जमानत के लिए जमानतदार पुनीतराम बांधे, निवासी महासमुंद ने ऋण पुस्तिका प्रस्तुत की गई थी।
न्यायालय की जांच में सामने आया कि इसी ऋण पुस्तिका के माध्यम से एक अन्य प्रकरण में कबीर मरावी, जो थाना खमतराई के अपराध 192/2026 से संबंधित है। 16 जुलाई को जमानत ली गई थी। वर्तमान में प्रस्तुत ऋण पुस्तिका में पूर्व में ली गई जमानत से संबंधित न्यायालय का पृष्ठांकन अथवा उसका विवरण दर्ज नहीं पाया गया।
न्यायालय ने माना कि ऋण पुस्तिका के पृष्ठों में छेड़छाड़ किया गया है। जिसके बाद कोर्ट ने संबंधित जमानतदार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जमानत संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति भी पुलिस को भेजी गई।