रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। खिलाडिय़ों, एनसीसी, एनएसएस के कैडेट अलावा अब ऐसा करने वाले छात्र छात्राओं को भी बोर्ड परीक्षा में बोनस अंक दिए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने एक पहल शुरू की है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढऩे वाले विद्यार्थियों को 10 निरक्षरों को साक्षर बनाने पर स्थानीय एवं बोर्ड परीक्षाओं में 10 बोनस अंक देने का प्रावधान किया गया है। यह पहल विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ प्रदेश को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण और स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 1 से 15 सितंबर तक ‘उल्लास नव भारत साक्षरता पखवाड़ा’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन यानी 2 सितंबर को प्रदेशभर में निरक्षर नागरिकों और स्वयंसेवी शिक्षकों की पहचान के लिए घर-घर सर्वेक्षण किया जा रहा है।
घर-घर पहुंचकर होगा सर्वे
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के शहरी वार्डों में टीमें घर-घर जाकर ऐसे लोगों की जानकारी जुटाएंगी, जो 15 वर्ष से अधिक आयु के हैं और औपचारिक स्कूली शिक्षा से वंचित रह गए हैं। इन नागरिकों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए स्वयंसेवी शिक्षकों की भी पहचान और पंजीयन किया जाएगा।
इस सर्वेक्षण में हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थी, स्थानीय युवा और सेवानिवृत्त कर्मचारी भी भाग लेंगे। अभियान के दौरान निरक्षर नागरिकों का चिन्हांकन करने के साथ उनका आवश्यक डेटा भी संकलित किया जाएगा।