रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। छत्तीसगढ़ के शासकीय मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग का करीब 400 करोड़ रुपए के प्रिंटिंग काम से जुड़ा विवादित टेंडर निरस्त कर दिया गया है। विभाग ने 7 अगस्त 2026 को जारी ऑनलाइन टेंडर नंबर 469 को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का नोटिस जारी किया है।
यह टेंडर उस समय विवादों में आया था, जब प्रदेश की प्रिंटिंग फर्मों ने इसकी प्रक्रिया और पात्रता शर्तों को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। स्थानीय मुद्रण कारोबारियों ने आरोप लगाया था कि सरकारी प्रिंटिंग के करोड़ों रुपये के काम में सीमित फर्मों को लगातार अवसर मिल रहा है और टेंडर की कुछ शर्तें छोटे और मध्यम प्रिंटिंग कारोबारियों के लिए मुश्किल हैं। दरअसल शासकीय मुद्रणालय, वित्त विभाग के निर्देशों को धता बताकर संवाद के बजाय स्वयं के द्वारा करोड़ों के टेंडर जारी करता रहा है और कुछ चुनिंदा प्रिंटिंग फर्मों को वर्क आर्डर दिए जाते रहे हैं। इसे लेकर स्थानीय प्रिंटिंग फर्मों की ओर से की गई शिकायत में पिछले कुछ वर्षों में शासकीय मुद्रणालय के जरिए हुए करीब 400 करोड़ रुपये के प्रिंटिंग कार्यों का जिक्र किया गया था। शिकायतकर्ताओं ने पिछले टेंडरों, वर्क ऑर्डर, रु-1 दरों और भुगतान की जांच कराने की मांग की थी। उनका आरोप था कि कुछ चुनिंदा फर्मों को लगातार सरकारी प्रिंटिंग के काम मिलते रहे हैं।