रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। नगर निगम में भी कामकाज ई-ऑफिस प्रणाली से होगा। इसके लिए महापौर, एमआईसी सदस्य और अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में प्रोग्रामर द्वारा ई-ऑफिस एवं ई-फाइल प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें पोर्टल में लॉग-इन करने की प्रक्रिया से लेकर फाइल एवं डाक (पत्राचार) के संचालन तक की समस्त प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने राज्य शासन की मंशा के अनुरुप स्वयं ई-ऑफिस प्रणाली का उपयोग करने की बात कही तथा समस्त एमआईसी सदस्यों से भी इसके नियमित उपयोग हेतु आग्रह किया।
वर्तमान में निगम में समस्त कार्यालयीन कार्य जैसे डाक, नस्ती, फाइल एवं पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से संपादित किया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। इस व्यवस्था से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, गतिशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी, कागज रहित (पेपरलेस) कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा तथा फाइलों एवं पत्राचार के निराकरण में समय की बचत होगी, जो अंतत: निगम हित एवं नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि हेतु सहायक सिद्ध होगी।
निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण तकनीकी परीक्षण करने दल गठित
रायपुर, 2 सितंबर। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी परीक्षण करने तकनीकी निरीक्षण दल गठित किया है। जो निगम के विभिन्न जोनों में चल रहे निर्माण कार्यों का आवश्यकतानुसार नियमित निरीक्षण, समय-समय पर औचक निरीक्षण उनसे संबंधित शिकायतों का परीक्षण करेगा। इस संबंध में आवश्यक तकनीकी प्रतिवेदन आयुक्त को प्रस्तुत करेगा। इस दल में प्रभारी मुख्य अभियंता संजय बागड़े, प्रभारी एसई राजेश राठौर, एई शैलेन्द्र पटेल, डीई रमेश पटेल शामिल किए गए हैं। आयुक्त संबित मिश्रा ने आदेश जारी कर निर्देशित किया है कि निगम मुख्यालय के अधिकारी अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, प्रभारी अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, प्रभारी सीई संजय बागडे, प्रभारी एसई राजेश राठौर, मोहम्मद इमरान खान, प्रदीप यादव, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, उपायुक्त श्रीमती जागृति साहू, डॉ. अंजलि शर्मा, निगम सचिव श्रीमती संगीता साहू, प्रभारी ईई आशुतोष सिंह, अंशुल शर्मा, ईई पदमाकर श्रीवास को सप्ताह में कम से कम 3 दिन प्रात: 7 बजे वार्डो का भ्रमण करेंगे। वार्डों में सफाई की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कर प्रत्येक माह के अंत में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। मॉनिटरिंग के लिए रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा बनाये गये रायपुर डिस्ट्रीक्ट अर्बन बॉडिस फिल्ड रिपोर्टिंग व्हाट्सएप्प ग्रुप में भ्रमण की तस्वीरों को भी साझा करेंगे। प्रत्येक अधिकारी माह में सभी 10 जोनों का भ्रमण अनिवार्य रूप से करेंगे।