रायपुर

बंगाल ओडिशा में कम दबाव का क्षेत्र, सीजी में 5 दिन बारिश
30-Aug-2026 8:39 PM
बंगाल ओडिशा में कम दबाव का क्षेत्र, सीजी में 5 दिन बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अगस्त। अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है । कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ पर पडऩे वाला है। इसके कारण आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा मौसम तंत्र समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 48 घंटों के दौरान और मजबूत हो सकता है। इसके बाद इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया गया है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हालांकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

इधर राजधानी में भी रविवार रात से बारिश हो रही है। देर शाम तक इसमें तेजी का पूर्वानुमान जताया गया है। इस बारिश ने तापमान को भी काफी कम किया है।


अन्य पोस्ट