रायपुर

पेपर के तनाव के बीच मशक्कत कर नीट सेंटर पहुंचे
30-Aug-2026 8:05 PM
पेपर के तनाव के बीच मशक्कत कर नीट सेंटर पहुंचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 अगस्त। देश भर के 340 शहरों समेत रायपुर के तीन सेंटरों में भी नीट पीजी की परीक्षा आनलाइन मोड पर हुई। इसके नतीजे एनबीईएमएस द्वारा  30 सितंबर  को घोषित किए जाएंगे।

रायपुर के सेंटर शहर से कोसों दूर सरोना, नंदनवन रोड और नवा रायपुर में बनाए गए थे। कल रात से राजधानी में हो रही  बारिश के चलते अभ्यर्थियों और परिजनों को इन सेंटर तक पहुंचने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर संकरे और कीचड़ भरे  रास्ते उस पर ट्रैफिक जाम  के चलते  अभ्यर्थी सरोना, नंदनवन सेंटर से काफी पहले अपने वाहनों से उतरकर पैदल दौड़ते भागते पहुंचे।

परिजनों का कहना है कि पूर्व में भी 2-3 बार  ऐसे ही दूरस्थ इलाकों में सेंटर बनाए गए थे।  परीक्षार्थी वैसे ही पेपर के तनाव में रहते हैं उस पर ऐसी अव्यवस्था से उनके स्कोरिंग पर प्रभाव डालता है। वहीं सेंटर के बाहर परिजनों के लिए धूप बारिश से बचाव के लिए  पंडाल टेंट जैसी कोई व्यवस्था नहीं की जाती है। परिजन एक गिलास पानी के लिए तरह जाते हैं। आज बारिश की वजह से सभी छाते, रेनकोट के भरोसे तीन से चार घंटे आसमान तले खड़े रहे।

 आज यह परीक्षा एक ही शिफ्ट में 9.30-12.30 के बीच हुई।  इसके लिए सुबह 8.30 से प्रवेश दिया गया था। रायपुर  में किसी भी रजिस्ट्रर्ड परीक्षार्थी के प्रवेश से वंचित होने की खबर नहीं मिली है। इस परीक्षा के लिए देश भर में 2.73 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे। परीक्षा आनलाइन मोड पर होने की वजह से ज्ञ मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ,पेन ड्राइव जैसे उपकरणों को ले जाने पर रोक लगाई गई थी।

यह परीक्षा  देशभर में मेडिकल पोस्टग्रेजुएट कोर्सों में दाखिले के लिए यही एक कॉमन एंट्रेंस एग्जाम है।एमबीबीएस उत्तीर्ण  या  फाइनल ईयर में शामिल होने वाले अभ्यर्थी  एमडी एमएस या पीजी डिप्लोमा के लिए  यह परीक्षा दे सकते हैं। इसके बाद  अलग-अलग राज्यों या निजी मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए अलग परीक्षा देने की जरूरत नहीं होती।

पेपर हैंग हो रहा था

परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि  परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर तकनीकी खराबी और कंप्यूटर बार-बार  हैंग  होते रहे। इससे पेपर रुक-रुक कर चल रहा था। इसके अलावा, परीक्षा समय पर शुरू न होने और व्यवस्था में कमियों को लेकर भी परीक्षार्थियों में नाराजगी देखने को मिली।


अन्य पोस्ट