रायपुर

कृषि विवि में परत-दर-परत खुल रहा पेपर लीक का खेल, 3 मामलों के बाद भी जिम्मेदारी तय नहीं -आप
29-Aug-2026 6:43 PM
कृषि विवि में परत-दर-परत खुल रहा पेपर लीक का खेल, 3 मामलों के बाद भी जिम्मेदारी तय नहीं -आप

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अगस्त 2026 के दौरान सामने आए लगातार पेपर लीक के मामलों ने प्रदेश की उच्च शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय में एक के बाद एक प्रश्नपत्र लीक आ रहे हैं, लेकिन अब तक परीक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने वाले अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसका जवाब सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को देना चाहिए। पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता एवं महासचिव सूरज उपाध्याय तथा प्रवक्ता एवं कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा, मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा है कि  सवाल सिर्फ पेपर लीक करने वालों पर कार्रवाई का नहीं, बल्कि उस पूरी व्यवस्था की जवाबदेही का है जिसके भीतर प्रश्नपत्र सुरक्षित रहने चाहिए। यदि एक ही विश्वविद्यालय में लगातार प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बाहर पहुंच रहे हैं, तो प्रश्नपत्रों की छपाई, पैकिंग, भंडारण, कॉलेजों तक पहुंचाने और परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित रखने की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच क्यों नहीं कराई जा रही है। श्री झा ने कहा कि छात्रों ने मेहनत से परीक्षा की तैयारी की, लेकिन पेपर लीक ने ईमानदारी से पढऩे वाले हजारों विद्यार्थियों के साथ अन्याय किया है। जिन छात्रों को पेपर पहले मिल गया, उनके मुकाबले ईमानदार छात्रों को नुकसान हुआ। परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों का समय, पैसा और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। आप छत्तीसगढ़ ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि अगस्त 2026 में सामने आए तीनों पेपर लीक मामलों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की जांच हो। विश्वविद्यालय के जिन अधिकारियों/कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनकी जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। सभी प्रभावित परीक्षाओं की नई तारीख जल्द घोषित की जाए और विद्यार्थियों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। पेपर लीक से जुड़े सभी आरोपियों के साथ-साथ अंदरूनी मददगारों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। भविष्य में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत व्यवस्था लागू की जाए।


अन्य पोस्ट