रायपुर

फिर बन रहा सिस्टम, बारिश का दौर जारी रहेगा
29-Aug-2026 6:41 PM
फिर बन रहा सिस्टम, बारिश का दौर जारी रहेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

रायपुर में शनिवार को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। शाम तक शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

शनिवार को उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

अब तक 100 प्रतिशत से अधिक बारिश

छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में बारिश की स्थिति बेहद संतोषजनक बनी हुई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग  द्वारा जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून  से 28 अगस्त  तक राज्य में औसतन 855.9 मि.मी. बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि बीते 10 वर्षों के औसत 849.3 मि.मी. की तुलना में 100.8 प्रतिशत है। अकेले 28 अगस्त को ही प्रदेश भर में औसतन 6.4 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। राज्य के विभिन्न संभागों और जिलों में बारिश का वितरण काफी विविधतापूर्ण रहा है, जहाँ कुछ जिलों में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा हुई है वहीं कुछ इलाकों में अब भी मानसून की गति थोड़ी धीमी बनी हुई है। सरगुजा संभाग की बात करें तो बलरामपुर जिले में मानसून की सबसे अधिक मेहरबानी देखने को मिली है, जहाँ औसत की तुलना में 157.7 प्रतिशत यानी 1164.4 मि.मी. बारिश हो चुकी है । वहीं सरगुजा जिला अब भी वर्षा के मामले में थोड़ा पीछे है, जहाँ अब तक औसत की केवल 77.1 प्रतिशत (504.4 मि.मी.) ही बारिश हुई है। मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर और बिलासपुर संभाग में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। प्रदेश में प्रतिशत के आधार पर सबसे अधिक 166.0 प्रतिशत बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दर्ज की गई है, जहाँ कुल 1088.5 मि.मी. पानी बरसा है। रायपुर जिले में 920.0 मि.मी. (130.7 प्रतिशत) और महासमुंद में 1017.9 मि.मी. (130.7प्रतिशत) बारिश के साथ आंकड़े बेहद मजबूत हैं।  बिलासपुर संभाग में मुंगेली जिला 896.8 मि.मी. (120.5प्रतिशत) और जांजगीर-चांपा 1025.7 मि.मी. (114.6प्रतिशत) वर्षा के साथ आगे चल रहे हैं।  दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में बारिश का मिला-जुला असर दिख रहा है। बालोद जिले में सामान्य से अधिक 844.6 मि.मी. (108.2प्रतिशत) बारिश हो चुकी है, वहीं दुर्ग जिला 636.5 मि.मी. (100.4 प्रतिशत) के साथ बिल्कुल सामान्य स्तर पर बना हुआ है।


अन्य पोस्ट