रायपुर

शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती के जन्मदिन पर महामहोत्सव
29-Aug-2026 6:36 PM
शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती के जन्मदिन  पर महामहोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। शारदा पीठाधीश्वर श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती महाराज का पावन वर्धयन्ती महामहोत्सव भाद्रपद कृष्ण द्वितीया तदनुसार कल 30 अगस्त को राजधानी स्थित श्री शंकराचार्य आश्रम में आयोजित किया जाएगा।यतिप्रवर दण्डी स्वामी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित महामहोत्सव का शुभारंभ प्रात: 6 बजे मंगला आरती से होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे सिद्धेश्वर महादेव का पूजन, 10:30 बजे पराम्बा भगवती राजराजेश्वरी महात्रिपुर सुन्दरी ललिता प्रेमाम्बा महारानी की श्रृंगार आरती तथा 11 बजे से भव्य पार्थिव शिवलिंग पूजन, रुद्राभिषेक और भगवान सूर्य नारायण का अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे भोग भंडारे का आयोजन होगा। महामहोत्सव के अंतर्गत सायंकाल 5:30 से 7:30 बजे तक सभा आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत रात 8 बजे से भोग भंडारा होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण शामिल होंगे।


अन्य पोस्ट