रायपुर

माता सुंदरी स्कूल में बच्चों ने सीखा ऑनलाइन लेनदेन, और बैंकिंग नियम
29-Aug-2026 6:35 PM
माता सुंदरी स्कूल में बच्चों ने सीखा ऑनलाइन लेनदेन, और बैंकिंग नियम

विद्यार्थियों को मिला सुरक्षित बैंकिंग का ज्ञान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। विद्यार्थियों में वित्तीय समझ विकसित करने और डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने की दिशा में माता सुंदरी पब्लिक स्कूल में भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने  वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, केंद्रीय कार्यालय, मुंबई से वित्तीय समावेशन एवं विकास विभाग की महाप्रबंधक श्रीमती नम्रता शुक्ला, एजीएम हेमंत एएम राहुल तथा भारतीय रिजर्व बैंक, रायपुर से श्रीमती नम्रता मेहुरिया की  उपस्थिति रही। जिला अग्रणी बैंक कार्यालय मोहम्मद मोफिज एवं वित्तीय साक्षरता केंद्र के दिलीप कुमार यदु भी मौजूद थे।

इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, बचत की आदत, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन तथा वित्तीय जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में वित्तीय अनुशासन अपनाने और बैंकिंग सेवाओं का समझदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और अन्य बैंकिंग गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी गई।अधिकारियों ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। समय पर शिकायत करने से साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई में मदद मिल सकती है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद किया और उनके प्रश्नों का समाधान किया।


अन्य पोस्ट