रायपुर

छत्तीसगढ़ में यूसीसी पर मंथन, सभी पर्सनल ला होंगे खत्म
28-Aug-2026 7:26 PM
छत्तीसगढ़ में यूसीसी पर मंथन, सभी पर्सनल ला होंगे खत्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 अगस्त। समान नागरिक संहिता के लिए गठित समिति के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस द्वय शत्रुघ्न सिंह और  एम.के.राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता  मोहन पवार, सेवानिवृत्त श्रीमती ज्योति रानी सिंह और सदस्य सचिव  श्याम धावड़े के समक्ष आज धार्मिक और सामाजिक संगठनों सहित आयोग, निगम, मंडल के पदाधिकारियों  की बैठक आयोजित कर समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव लिए गए। सुझाव दावा आपत्ति का यह सिलसिला 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इच्छुक लोग संगठन आयोग के न्यू सर्किट हाउस स्थित आफिस में जाकर या डाक से भेज कर दे सकते हैं। अब तक 400 से अधिक सुझाव सहमति मिल चुके हैं।

 समान नागरिक संहिता का उद्देश्य प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए धर्म, जाति या पंथ से परे विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे पारिवारिक मामलों में एक समान नियम बनाना है। पुत्र और पुत्री दोनों को संपत्ति में समान उत्तराधिकार का अधिकार दिया गया है। इसके तहत मौखिक तलाक और कुछ अन्य धार्मिक कुप्रथाओं पर रोक लगाई जा सकेगी। इसके लिए धार्मिक और सामाजिक संगठनों, विभिन्न आयोग, निगम, मंडल के पदाधिकारियों, विभिन्न समाज के प्रमुखो, पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों और जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर अपने  सुझाव दिए। मुस्लिम समाज, मसीही समाज,अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज ने इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

यूसीसी के  जरिए  मुस्लिम और मसीही समाज के पर्सनल ला खत्म होंगे। छत्तीसगढ़ में सभी नागरिकों को विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों जैसे व्यक्तिगत मामलों में एक समान व न्यायसंगत अधिकार देने  का सुझाव दिया। ? धर्म या समुदाय से परे हटकर सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों में एक समान विधिक ढाँचा तैयार करना के दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इसमें उत्तराधिकार और वैवाहिक अधिकारों में महिलाओं को बराबरी का अधिकार देना और असमानता पैदा करने वाले नियमों को समाप्त करना शामिल है। वर्तमान में लागू विभिन्न व्यक्तिगत कानूनों की जटिलताओं और भ्रम को दूर कर एक स्पष्ट और सुव्यवस्थित संहिता का निर्माण करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट