रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में आज रक्षाबंधन वात्सल्य महामहोत्सव का आयोजन हुआ। आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन विक्की मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि आज प्रात: 6 बजे से ही बड़ा मंदिर के जिनालयों में धर्मप्रेमी बंधुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी।जिनालय में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के प्रथम चरण में श्रीजी का अभिषेक एवं महाशांतिधारा हुई। इसके उपरांत मुनिश्री ससंघ के मंत्रोच्चार के बीच रक्षाबंधन पूजन विधान प्रारंभ हुआ, जिसमें कुल 700 अर्घ्य एवं श्रीफल समर्पित किए गए। स्वरकोकिला, राष्ट्रीय मंच संचालक एवं ओजस्वी वक्ता राजेश रज्जन जैन के सुमधुर संचालन एवं संगीतमय धार्मिक धुनों पर प्रमुख पात्रों, इंद्रों एवं इंद्राणियों ने भक्तिमय नृत्य करते हुए अर्घ्य समर्पित किए। मुनि श्री आगम सागर ने अपनी मंगल देशना में संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को प्रारंभ से ही धर्म के मार्ग पर चलाएं।