रायपुर

अस्पताल खुलवाने का झांसा दे महिला से 8 लाख का फ्राड
27-Aug-2026 6:36 PM
अस्पताल खुलवाने का झांसा दे महिला से 8 लाख का फ्राड

ट्रेन में हुई पहचान, एम्स का डॉक्टर बता जेवर लेकर चंपत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 अगस्त। पंडरी निवासी एक महिला से कथित एम्स के डॉक्टर ने लाखों की धोखाधड़ी कर दी। पीडिता ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान हुई जान-पहचान का फायदा उठाकर व्यक्ति ने महिला से करीब 8 लाख रुपए के सोने के जेवर लेकर ठगी कर दी।

नीतू सिंह ने बताया कि आरोपी ने खुद को एम्स का डॉक्टर बताते हुए कुम्हारी में जमीन होने और वहां अस्पताल बनाने के लिए पैसों की जरूरत बताई। जब नीतू सिंह ने कैश नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने उसके सोने के जेवर गिरवी रखकर रकम जुटाने का झांसा दिया। शिकायत पर पंडरी पुलिस ने धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंडरी तराई निवासी 47 वर्षीय नीतु सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को वह पारिवारिक काम से राजनांदगांव गई थीं। जहां से वापस लौटते समय ट्रेन में उसकी एक व्यक्ति से पहचान हुई। व्यक्ति ने अपना नाम राजेश शर्मा बताया। उसने खुद को एम्स अस्पताल रायपुर का डॉक्टर बताया। बातचीत के दौरान दोनों ने मोबाइल ने अपना-अपना मोबाइल नम्बर दिया। जिसके बाद दोनों ने फोन पर बातचीत की। इस बीच 22 अगस्त को राजेश शर्मा ने उसे फोन कर बताया कि कुम्हारी में उसकी जमीन है और वहां अस्पताल बनाना है। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत है। तब नीतू सिंह ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने उसे रायपुर रेलवे स्टेशन बुलाया। मुलाकात के दौरान आरोपी ने महिला को भरोसे में लिया और उसके पास मौजूद सोने के जेवर गिरवी रखकर रकम जुटाने की बात कही। आरोपी ने यह भी कहा कि कुछ दिनों बाद कुम्हारी स्थित जमीन का कुछ हिस्सा उसके नाम रजिस्ट्री कर देगा।

जिसके बाद नीतू सिंह उसके झांसे में आकर आरोपी के साथ ऑटो से रेलवे स्टेशन से पंडरी पहुंची। घर से कुछ दूरी पर ऑटो रुकवाने के बाद वह अकेले अपने घर गई और अलमारी में रखे सोने के कान के झुमके, चूड़ी, लक्ष्मी चेन और गले का हार लेकर आई। उसने लगभग 8 तोला सोना कीमत 8 लाख रूपए आरोपी को सौंप दिए।

जब नीतू सिंह ने 23 अगस्त को महिला ने आरोपी के मोबाइल पर फोन कर रकम मांगी। आरोपी ने उसे पंडरी मार्केट बुलाया और कहा कि जेवर बिलासपुर में गिरवी रख दिए हैं।

इस बात पर नीतू सिंह को आरोपी की बातों से संदेह हुआ और उसे  धोखाधड़ी होने के शक में उसने थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज और जेवर की जांच पड़ताल कर आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट