रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। गुढिय़ारी थोक मार्केट स्थित पड़ाव में गुरुवार सुबह धार्मिक स्थलों में तोडफ़ोड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मंदिर परिसर में स्थापित भगवान शिव, हनुमान और साईं बाबा, की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गुढिय़ारी पड़ाव क्षेत्र के मंदिर परिसर में भगवान शिव, हनुमान जी और साईं बाबा की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं पर पड़ी। इसके बाद घटना की जानकारी तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने पर नाराजगी जताई और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भीड़ बढऩे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
पुलिस आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिमाओं को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान हो सके। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।