रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। शिक्षक संगठनों के साथ हुई बैठक में शिक्षा मंत्री ने विभागीय टीईटी आयोजित कराने पर सरकार ने सहमति जताई है। यह परीक्षा साल में तीन बार आयोजित की जा सकती है। जिसे कर्मचारी चयन मंडल लेगा। हालांकि पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है ।
शिक्षा मंत्री के साथ शिक्षक संगठनों की बैठक में टीईटी समेत शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षक संगठनों ने सरकार से टीईटी को लेकर स्पष्ट रुख जानना चाहा। इस पर शिक्षा मंत्री ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सामान्य टीईटी से अलग विभागीय स्तर पर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कराई जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय टीईटी के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रमोशन में टीईटी की अनिवार्यता का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मामले में विधि विभाग से चर्चा करना आवश्यक है। विधि विभाग से राय लेने के बाद ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।इस मुद्दे पर फिलहाल सरकार की ओर से कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि पदोन्नति प्रक्रिया में भी शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखा जाए।
बैठक में शिक्षकों की वित्तीय मांगों पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को लेकर जल्द ही वित्त मंत्री से चर्चा की जाएगी। साथ ही शिक्षक संगठनों से भी अपनी वित्तीय मांगों को वित्त मंत्री के सामने रखने का आग्रह किया गया। बैठक के बाद शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक केदार जैन, वीरेंद्र दुबे और संजय शर्मा ने सरकार के रुख को टीईटी प्रभावित शिक्षकों के लिए सकारात्मक बताया।
साय ने दिया भरोसा- किसी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी
सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार रात मुलाकात की। करीब 11: 30 बजे हुई इस चर्चा में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की चिंताओं पर सरकार का रुख सामने रखा और भरोसा दिलाया कि टीईटी के कारण किसी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि दूसरे राज्यों में टीईटी और पदोन्नति से जुड़े मामलों में होने वाली पहल का अध्ययन छत्तीसगढ़ सरकार भी कर सकती है। वहीं वेतन विसंगति के पुराने मुद्दे पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में आगे बढऩे की बात कही गई। ये मुलाकात सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक मनीष मिश्रा और जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की अगुवाई में हुई।