रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया संवाद से देशभर में 5,000 से ज़्यादा जगहों पर करोड़ों युवाओं से वर्चुअली चर्चा की। मोदी ने युवाओं को भारत की खेल यात्रा से जोडऩे और विकसित भारत के निर्माण के लिए विचार साझा करने प्रोत्साहित किया। रायपुर के एनआईटी में भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका बिस्सा, डिप्टी सीएम खेल युवा कल्याण अरूण साव भी कनेक्ट हुए।
इस दौरान युवा खिलाडिय़ों ने देश को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। उनके विचारों से भारत खेल में आगे होगा और ओलंपिक 2036 में देश अपनी मजबूत उपस्थित दर्ज कराएगा। उत्साही युवाओं की भागीदारी से ही हम विकसित भारत का निर्माण करेंगे। युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए भी विचार साझा किए और शपथ ली। साव ने कहा कि ओलंपिक 2036 के लिए युवा खिलाडिय़ों ने सुझाव दिए । उन पर अमल कर भारत पदक तालिका में मजबूत स्थान बनाएगा।
क्रिकेटर तिलक वर्मा ने कार्यक्रम में युवाओं के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को सब कुछ सिखाता है। कठिन परिस्थितियों से जूझना, दवाब झेलना, कौशल, टीम भावना और मानसिक स्थिरता जैसे गुण विकसित करने के साथ ही यह सेहत, फिटनेस और पोषण के लिए जागरूक करता है।
उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाडिय़ों ने देश के लाखों युवाओं को खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया है। यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने कहा कि युवाओं को सुझाव देने और पहल करने के साथ ही खुद जिम्मेदारी लेने की भी जरूरत है। युवा अपने इनिशिएटिव्स में ओनरशिप की भावना के साथ काम करें। नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश को आगे बढ़ाने में युवा अपनी सक्रिय और सशक्त मौजूदगी दर्ज कराएं।
एनआईटी के विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों और युवाओं ने देश में खेल अधोसंरचना के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, खेल तंत्र को मजबूत बनाने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व शासन में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखें। कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।